सिरसा : बुधवार देर शाम शहर थाना पुलिस की एक टीम ने थाना प्रभारी मौजीराम की अगुवाई में स्थानीय चतरगढ़ पट्टी क्षेत्र में दबिश दी। पुलिस को मुखबिर द्वारा सूचना मिली थी कि क्षेत्र में नकली देसी घी बनाने की फैक्ट्री चलाई जा रही है । पुलिस ने जब मौके पर दबिश दी तो वहां मकान मालिक नदारद मिला। मकान में भारी मात्रा में टीन व घी बनाने के बर्तन पड़े हुए थे।
जानकारी मुताबिक शहर थाना प्रभारी मौजीराम की अगुवाई में पुलिस पार्टी ने चतरगढ़पट्टी क्षेत्र स्थित एक मकान में छापा मारा। पुलिस पार्टी ने मौके से भारी मात्रा में घी के खाली टीन, घी बनाने के बर्तन बरामद किये। पुलिस ने मकान में से कुछ मात्रा में घी भी बरामद किया। घी की सैंपलिंग करवाने के लिए खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के निरीक्षक को सूचना देकर मौके पर बुलाया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि मौके से बगैर लेवल के टीन व बर्तन मिले हैं। उन्होंने बताया कि यह मकान हिसार निवासी एक व्यक्ति ने हाल ही में किराये पर लिया था। उन्हें सूचना मिली थी कि मकान में नकली घी बनाने का कारोबार चल रहा है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस कार्रवाई जारी थी।








