सिरसा (अमित सोनी) हरियाणा के खेल राज्यमंत्री गोपाल कांडा ने कहा कि विभिन्न देशों से गुजर कर राष्ट्रमंडल खेलों की मशाल जलाती हुई बैटन क्वीन 26 सितम्बर को हिसार में पहुंचेगी जिसे २९ सितम्बर को वे अपने हाथों से दिल्ली सरकार को सौंपेगे। कांडा बुधवार को लोगों की शिकायतें सुनने के बाद पत्रकारों से बात कर रहे थे।
उन्होंने बताया कि तीन अक्तूबर से दिल्ली में शुरु होने जा रहे राष्ट्रमंडल खेलों के लिए हरियाणा के खिलाड़ी बिल्कुल तैयार है | उन्हें पूरी तरह प्रशिक्षित किया गया है। उन्हें आशा है कि राष्ट्रमंडल खेलों में भारत की तरफ से जीतने वाले मैडलों में हरियाणा के खिलाडिय़ों के सर्वाधिक पदक होंगे। उन्होंने कहा कि राष्ट्रमंडल खेलों में हरियाणा के बीजेंद्र सिंह और साइना नेहवाल को ब्रांड एंबेसडर बनाया गया है। इन दोनों का संबंध हरियाणा से है | उन्होंने इन दोनों को खिलाडिय़ों को खेल विभाग और प्रदेश की जनता की ओर बधाई दी । उन्होंने कहा कि विदेशी मेहमानों की आवभगत करने के लिए हरियाणा पूरी तरह तैयार है | इसके लिए पर्यटन विभाग द्वारा आठ हजार के लगभग सैट तैयार किए गए है जहां विदेशी मेहमान रुक पाएंगे। उन्होंने बताया कि सुरक्षा की दृष्टि से भी हरियाणा पुलिस विभाग द्वारा पुख्ता प्रबंध किए गए है | जो भी उपकरण राज्य सरकार द्वारा केंद्र सरकार से मांगे गए थे, वो सभी हरियाणा पुलिस को प्राप्त हो चुके है | इन उपकरणों के प्रयोग के लिए हरियाणा पुलिस के अधिकारियों व कर्मचारियों को प्रशिक्षित किया जा रहा है।
खेल राज्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने के लिए विशेष खेल नीति के तहत कई योजनाएं शुरु की है | जिसमें ग्रामीण क्षेत्रों में खेल स्टेडियमों का निर्माण करवाना और प्रदेश में टेलेंट हंट योजना का शुरु किया जाना शामिल है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में १७० से भी अधिक खेल स्टेडियमों का निर्माण करवाया गया है। प्रत्येक स्टेडियम के निर्माण पर पचास से सत्तर लाख रुपए की राशि खर्च की गई है। उन्होंने टैलेंट हैंट योजना को खेल जगत के लिए एक अच्छी योजना बताया | इससे भविष्य के लिए अच्छे खिलाड़ी भी तैयार होंगे और शीघ्र ही इसके सार्थक परिणाम देखने को मिलेंगे।








