श्रीगंगानगर : भाजपा नेता और गंगनहर बचाओ किसान संघर्ष समिति के संयोजक हंसराज पूनिया का कहना है कि हरिके हैड से जो पानी पाकिस्तान में छोड़ा जा रहा है, वह राजस्थान के हिस्से का है। यदि यह पानी गंगानगर के किसानों को उपलब्ध करवा दिया जाए तो सिंचाई पानी की समस्या का समाधान हो सकता है। इससे सभी छोटी नहरों में बराबर पानी छोड़ा जा सकेगा ।
पूनिया ने बताया कि वे पंजाब क्षेत्र में बीकानेर कैनाल का अवलोकन करके आये हैं। पंजाब में फिरोजपुर हैड से आगे नहर में पूरा पानी छोड़ा जा रहा है, लेकिन इस पानी का बड़ा हिस्सा पाकिस्तान को दिया जा रहा है। हुसैनीवाला हैड से आगे पन्द्रह सौ क्यूसेक पानी ही इलाके के लिए नहर में छोड़ा जा रहा है, जबकि पीछे से मिलने वाले अतिरिक्त पानी को लेकर इलाके की तीनों नहरों को चलाया जा सकता है | इससे किसानों को पूरा सिंचाई पानी तो मिलेगा ही, आने वाले सीजन में भी शेष पानी का उपयोग किया जा सकेगा । उन्होंने पंजाब और राजस्थान के सिंचाई विभाग के अधिकारियों पर पानी की सही जानकारी उपलब्ध नहीं करवाने का आरोप लगाया । उन्होंने कहा कि चीफ इंजीनियर से लेकर बेलदार तक सभी पानी के बंटवारे के बारे में गोलमोल जानकारी दे रहे हैं। हंसराज पूनिया ने बताया कि गंगनहर बचाओ संघर्ष समिति के पदाधिकारियों को 45 आरडी पर 28 सौ क्यूसेक पानी उपलब्ध होने के बावजूद आगे 15 सौ क्यूसेक पानी ही दिए जाने की जानकारी मिली है। उन्होंने बताया कि नहर में कैली बहुत ज्यादा है, जिसकी आड़ में पाकिस्तान पानी छोड़ा जा रहा है। सिंचाई अधिकारी कैली को उस ओर निकालने का दावा करते हुए पानी छोडऩे की बात कर रहे हैं | हकीकत में हैड के गेट नीचे से खोले जाते हैं, जहां से केवल पानी ही दूसरी ओर जा रहा है कैली नहीं। उन्होंने बताया कि पंजाब से पूरा पानी मिलने के बावजूद इलाके के किसानो को कम पानी दिए जाने की जानकारी उन्होंने मंत्रियों से लेकर प्रशासन के अधिकारियों तक पहुंचाई है | उनसे आग्रह किया है कि इलाके के किसानों को पूरा पानी उपलब्ध करवाया जाए। साथ ही नहर में आई कैली को निकलवाने का प्रबंध भी किया जाए ।








