सिरसा (अमित सोनी) जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के अध्यक्ष और सत्र न्यायाधीश डा. शिवा शर्मा ने मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में लीगल एड क्लिनिक का उद्घाटन किया । बाद में पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने बताया कि राज्य विधिक सेवाएं प्राधिकरण द्वारा पूरे प्रदेश में प्रथम चरण में जिला स्तर पर लीगल एड क्लिनिक स्थापित किए जा रहे है । इसके बाद उपमंडल स्तर पर भी लोगों को निशुल्क कानूनी सहायता और घरेलु मामलों को सुलझाने के लिए मदद हेतु ऐसे लीगल एड क्लिनिक स्थापित करने का प्रस्ताव है । उन्होंने बताया कि लीगल एड क्लिनिक स्थापित करने का मुख्य उद्देश्य घरेलु हिंसा को रोकना है। उन्होंने कहा कि सुखी व शांति प्रिय परिवार ही आगे बढ़ सकता है। इसी आधार पर समाज व राष्ट्र की तरक्की हो सकती है।
डा. शर्मा ने कहा कि राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के तहत स्थापित किए गए इस लीगल एड क्लिनिक में निशुल्क विधिक सेवा प्राप्त करने के लिए आने वाले व्यक्तियो के आवेदन लिए जाएंगे। इसके साथ निशुल्क विधिक सेवाओं से विशेषज्ञ वकीलों द्वारा सलाह दी जाएगी। प्रताडि़त पक्ष की सुनवाई के लिए उनसे किसी प्रकार की फीस नहीं ली जाएगी। उन्होंने बताया कि पुलिस अधीक्षक कार्यालय में स्थापित इस क्लिनिक में महिला संरक्षण और बाल विवाह निषेध अधिकारी श्रीमती साधना मित्तल और दो अन्य मनोनीत सदस्य श्रीमती बलबीर कौर और ममता बांगा घरेलु हिंसा से संबंधित आवेदनों की सुनवाई करेंगी । उन्होंने बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के द्वारा अनुसूचित जाति के लोगों, औरतों, बच्चों और विभिन्न मामलों में सजा पाए कैदियों को निशुल्क सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी। इन सभी वर्गों के लोगों के मामलों की पैरवी प्राधिकरण द्वारा अनुबंधित वकीलों द्वारा की जाएगी । क्लिनिक में विभिन्न विधिक सेवाओं की कानूनी जानकारी देने के लिए प्रचार सामग्री रखी जाएगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह क्लिनिक आम लोगों को कानूनी जानकारी देने में मील का पत्थर साबित होगा। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सतेंद्र गुप्ता, अतिरिक्त जिला सत्र न्यायाधीश जे.एस कुंड़ू, आर.सी डीमड़ी, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी नरेश कुम़ार सिंघल, सिविल जज सीनियर डिवीजन सुधीर परमार, न्यायिक मैजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी अभिषेक फुटेला, बार एसोसिएशन के प्रधान विजय बंसल और उपप्रधान विजय गोयल भी मौजूद थे।








