पेडणेकर गुरूवार को एमडी विधि महाविद्यालय परिसर में तीसरी राज इंडिपेंडेंट कम्पनी श्रीगंगानगर के संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर में एनसीसी केडेट्स को संबोधित कर रहे थे । उन्होंने कहा कि एनसीसी में शामिल होना अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है। इसके माध्यम से केडेट्स को एकता, अनुशासन, शारीरिक स्वास्थ्य के अलावा सैन्य प्रणाली से संबंधित जानकारी मिलती है जोकि बेहद उपयोगी सिद्घ होगी | शिविर की सराहना करते हुए कलेक्टर ने कहा कि इसके माध्यम से प्रशिक्षणार्थियों को नई जानकारियां उपलब्ध हो सकेगी और यह शिविर उनके सुनहरे भविष्य के निर्माण में सहायक सिद्घ होगा। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण में केडेट्स को ड्रिल, फायरिंग, हथियारों से संबंधित प्रशिक्षण दिया जा रहा है। साथ ही उनके केरियर निर्माण से संबंधित मार्गदर्शन भी दिया जा रहा है जोकि प्रशंसनीय है।
कर्नल वीके सिवाच ने बताया कि इस शिविर में श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और चुरू के 594 कैडेट्स प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। इनमें से 150 केडेट्स सीनियर डिवीजन के हैं। प्रशिक्षण दो सितम्बर तक चलेगा। इस अवसर पर डिप्टी कमांडेंट डॉ एसएन लाहिड़ी, डॉ अरूण सहैरिया सहित एनसीसी के कई अधिकारी उपस्थित थे।








